Connect with us

BIHAR

बिहार में पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड, रात के तापमान में होगी गिरावट, अगले 48 घंटे तक साफ रहेगा मौसम

Published

on

पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। वहीं, रात के तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, छपरा का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, पटना में 10.5 डिग्री, बाल्मीकी नगर में 10.6 डिग्री, भागलपुर में 12.8 डिग्री, पूर्णिया में 12.9 डिग्री, मुजफरपुर व दरभंगा में 13 डिग्री, गया में 13.1 डिग्री, फारबिसगंज में 10.5 डिग्री, मोतिहारी में 11.6 डिग्री, गोपालगंज में 11.3 डिग्री, जीरादेई में 12.4 डिग्री, समस्तीपुर में 11 डिग्री और सहरसा में 13.3 डिग्री, सुपौल में 13.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राज्य के 1 या 2 स्थानों पर हल्के कोहरा या धुंध रहने की संभावना है। वहीं, सतह से 0.9 किमी तक प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह शुरू हो गया है। पछुआ हवा में नमी होने से कनकनी व ठंड बढ़ने की संभावना हैं। हालांकि, आने वाले 2 दिनों तक (24 से 48 घंटे) पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा।

मौसम के आंकड़ों के अनुसार चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बिहार में और अन्य इलाकों में समुद्र तल के सतह से 1.5 किमी तक बना हुआ है। पछुआ हवा के कारण आसमान साफ रहेगा, जबकि रात के तापमान में 3 डिग्री गिरावट की आसार है। मौसम के उपग्रहीय विश्लेषण से ज्ञात हुआ है कि 4 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 8 से 20 डिग्री के ऊपर रहेगा। जबकि, अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है।

दिन में धूप निकलने के बाद भी हल्की पछुआ हवा के प्रवाह से भागलपुर में हल्की ठंड का अहसास हो रही है। पिछले 24 घंटे में पछुआ हवा के प्रवाह से जिले में दिन एवं रात के पारे में गिरावट आ गई है। जिस वजह से लोगों को दिन से अधिक रात में ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को प्राप्त सांख्यिकी मॉडल एवं उपग्रहीय तस्वीरों से पता चलता है कि सतह से 0.9 किमी ऊपर तक भागलपुर में पछुआ हवा का प्रवाह है।

एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बिहार एवं आसपास समुद्र तल से 1.5 किमी तक विस्तारित है। चल रहे पछुआ हवा के कारण अगले 1 से 2 दिनों में मौसम साफ रहेगा, किन्तु रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयेगी। सुबह में हल्का कोहरा या फिर धुंध रहने की संभावना है।

Trending