Connect with us

BIHAR

बिहार के निर्मल नौकरी छोड़ बनाया ऐप जिससे लोगों को मिल रहा है रोजगार, पूरे बिहार में लांच करने की तैयारी।

Published

on

दिल्ली की बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी ठुकरा कर खगड़िया पहुंचे इस इंजीनियर ने मोबाइल एप बनाकर यहां के कामगारों को जिंदगी संवारने की कोशिश की है। ऐप का नाम फ्रोगवॉक है। इसके माध्यम से लोग बड़ी आसानी से अपने घर आवश्यकता अनुसार कामगारों को बुला सकते हैं। इसके साथ ही इस एप में डॉक्टर, होटल व बैंक्वेट हॉल सहित कई अन्य कमर्शियल प्रतिष्ठानों की भी जानकारी दी गई है।

इस युवा का नाम निर्मल देव है। निर्मल ने हैदराबाद में इलेक्ट्रॉनिक्स और टेली कम्युनिकेशन में बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। फ्रोगवॉक एप से अभी खगड़िया, बेगूसराय और मुंगेर जिले के लगभग एक हजार कामगार जुड़ गए हैं। उन्हें जॉब भी उपलब्ध हो रही है।

निर्मल बताते हैं कि जब लॉकडाउन के समय खगड़िया आए तो उन्होंने यहां के छोटे कामगारों की दिक्कतों को नजदीक से महसूस किया। इसके बाद उन्होंने फ्रोगवॉक नाम से एप लांच किया। यूजर्स इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।

निर्मल ने बताया कि छोटे काम करने वाले जैसे प्लम्बर, पेंटर, रिपेयर सर्विस, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, हलवाई आदि को हर समय काम नहीं मिल पाता है। वहीं इन कामों के लिए आम जनों को भी भटकना पड़ता है। ऐसे में यह एप लोगों को घर बैठे आसानी से इन कामगारों की तमाम जानकारी देने का एक बेहतरीन प्लेटफार्म साबित हो रहा है। इस एप में इन कामगारों के संपर्क सूत्र दिए गए हैं। अब लोग घर पर ही इन कामगारों को बुलाकर अपना काम करवा सकेंगे।

निर्मल देव को बिहार सरकार की ओर से फ्रोगवॉक एप के लिए बिहार चेंज मेकर अवार्ड 2022 से नवाजा जा चुका है। निर्मल ने बताया कि अब तक इस एप से तीन जिलों में 1000 से ज्यादा कामगार जुड़े हैं। इस सफलता को देखते हुए पूरे बिहार में अपने इस ऐप को फैलाना चाहते हैं। इससे लोगों को काफी सुगमता होगी।

Trending