Connect with us

BIHAR

बिहार में रोजगार मांगने वालों की संख्या में 3 गुना का इजाफा, बीते 10 महीनों में 2.67 लाख बेरोजगारों ने कराया निबंध

Published

on

बिहार में रोजगार की मांग करने वालों की संख्या बढ़ गई है। कोरोना काल के दौरान देश-विदेश की कंपनियों से बेरोजगार हुए लोग अब रोजगार के लिए तेजी से निबंधन करा रहे हैं। आलम यह है कि पिछले 5 वर्षो की तुलना में इस वर्ष जनवरी तक सबसे अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन कराया है।

पिछले वर्ष की तुलना में 4 गुना अधिक बेरोजगारों ने निबंधन पोर्टल पर किया है। रोजगार मांगने वालों में बेरोजगारों के साथ कुछ स्व-रोजगार कर रहे लोग भी शामिल है। हालांकि राहत की बात यह है कि निबंधन करने वालों में छात्र एक भी नहीं है, जो पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार भी मांग रहा हो। पोर्टल पर अभी तक 13 लाख से अधिक निबंधित हो चुके हैं। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने नेशनल कॅरियर सर्विस पोर्टल बनाया है। 

सांकेतिक चित्र

जॉब फेयर या नियोजन सह मार्गदर्शन मेला लगता है तो इन्हीं निबंधित लोगों को आमंत्रित किया जाता है। बिना निबंधन वालों को रोजगार मेले में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलती। यह व्यवस्था वर्ष 2015-16 से प्रभावी है। ऑनलाइन निबंधन शुरू होने के बाद 2016-17 ही ऐसा वर्ष रहा, जब छह लाख से अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन कराया था।

इसके बाद निरन्तर इसमें कमी होती रही। लेकिन मौजूदा वित्तीय वर्ष 2021-22 में एक बार फिर निबंधन की संख्या में वृद्धि हो गई है। अब तक दो लाख 67 हजार से अधिक बेरोजगारों ने निबंधन किया है।  रोजगार मांगने के क्रम में अब तक कुल 222 किन्नरों ने रोजगार के लिए निबंधन किया है।

सबसे अधिक निबंधन अक्टूबर माह में 63 हजार 524 बेरोजगारों ने पोर्टल पर निबंधन किया है। वहीं अप्रैल में 3581, मई में सबसे कम 1991 ने ही निबंधन किया था। इसी तरह जून में 7967, जुलाई में 18 हजार 17, अगस्त में 20 हजार 968, सितंबर में 53 हजार 906, नवम्बर में 62 हजार 983, दिसम्बर में 20 हजार 766 तो जनवरी 2022 में 13 हजार 932 बेरोजगारों ने पोर्टल पर निबंधन किया है। साल 2015-16 के दौरान 5146 बेरोजगारों ने निबंधन किया था जो प्रत्येक वर्ष निरंतर बढ़ता रहा जिसकी संख्या जनवरी 2022 तक बढ़कर 267635 हो गई है। वर्ष 2015-16 से अब तक कुल 1372888 बेरोजगारों ने निबंधन किया है।

Trending