Connect with us

STORY

बिहार के जाबिर कराटे में मचा रहे हैं धमाल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेर चुके हैं जलवा

Published

on

बिहार के जमुई जिले के जाबिर अंसारी ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप प्रतिस्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। जाबिर ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। पटना यूनिवर्सिटी की ओर से जाबिर ने इस खेल में पार्टिसिपेट किया था। जाबिर के प्रदर्शन से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। जाबिर जमुई के नक्सल प्रभावित इलाके के झाझा प्रखंड के तुंबा पहाड़ गांव के रहने वाले हैं। इससे पहले भी वह कई प्रतिस्पर्धा में जलवा बिखेर चुके हैं।

जूडो कराटे में बड़ा नाम बन चुके जाबिर अंसारी पटना यूनिवर्सिटी में 2020-23 सत्र के उर्दू विभाग के छात्र हैं। उन्होंने गुरुवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले आखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कराटे प्रतिस्पर्धा में खेलते हुए 75 किलो के भार वाले खेल में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया है। बता दें कि कुरुक्षेत्र में आयोजित हो रहे कराटे प्रतियोगिता में देश के 190 विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। जाबिर को दो बार साल 2018 और 2021 में बिहार सरकार के खेल सम्मान समारोह में सम्मानित किया जा चुका है।

जाबिर अपने प्रदर्शन से विरोधियों को पटखनी देते आए हैं। राज्य स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के प्रतियोगिता में उन्होंने सफलता हासिल की है। श्रीलंका में 2017 में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि 2015 में नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। पिछले साल आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जाबिर पहले नंबर पर रहे थे। वर्ष 2015 से ही जाबिर कराटे में किस्मत आजमा रहे हैं। साल 2018 में चीन और साल 2019 में टर्की में भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं। जाबिर के इस कामयाबी से जमुई के खेल प्रेमी खुशी से गदगद हैं। इस प्रतिभावान खिलाड़ी को लोग शुभकामनाएं और बधाइयां दे रहे हैं।

Trending