Connect with us

INTERNATIONAL

दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के गांव का हुनर बना देश का मिसाल, उद्योग मंत्री ने किया उद्घाटन

Published

on

दिल्ली में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के गांव का हुनर देश के लिए मिसाल बन गया है। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन सोमवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में पहुंचे जहां उन्होंने आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार मंडप का उद्घाटन किया। उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार काफी तेज गति से विकास कर रहा है प्रदेश के लोग आत्मनिर्भर हो रहे हैं। बिहार को आत्मनिर्भर बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य है।

उद्घाटन करते हुए उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार के गांव का हुनर देश के लिए मिसाल बन गया है। देश ही नहीं वैश्विक मंच पर भी बिहार की प्रतिभा झलक रही है। बिहार की परंपरा की लोकनृत्य से जुड़ी कृतियां हो या बुनकरों द्वारा बनाया गया सिल्क, खादी या अन्य उत्पाद भी राज्य की शोभा में चार चांद लगा रही है। अंतर्राष्ट्रीय मेले के बिहार मंडप में राज्य की पारंपरिक विधा जरी वर्क, लाख चूड़ी, बेंत, बांस शिल्प, मंजूषा कला की मिसाल पेश करने वाली चीजें दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

बिहार मंडप में हाल ही में पद्मश्री पुरस्कार से नवाजे गए मिथिला की कलाकार दुलारी देवी की पेंटिंग भी लगाई गई है जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अपने पत्नी रेनू के साथ उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन इन चीजों का दीदार कर रहे हैं। राज्य पुरस्कार से सम्मानित कलाकार मनोज पंडित द्वारा मंजूषा पेंटिंग, जगदीश पंडित द्वारा मृणमय कला और नजमा खातून द्वारा मिट्टी कला की जीवंत प्रदर्शनी भी दर्शकों को अपनी ओर लुभा रही है। बिहार के पारंपरिक व्यंजन लिट्टी चोखा का भी दर्शक जमकर स्वाद चख रहे हैं।

Trending