Connect with us

STORY

बिहार में पुलिस की शान बनी सारण की 7 बहनें, बेटियों को खाकी वर्दी में देख गर्व से चौड़ा हुआ माता-पिता का सीना

Published

on

समान अवसर हों, समान अधिकार हों। आज हम आपको बताएंगे वर्दी पहनने वाली भारतीय महिलाओं की साहस, संकल्प और सफलता के बारे में। बिहार के सारण जिले के एकमा गांव की वर्दी वाली 7 बहनें उदाहरण हैं साकार होती उस परिकल्पना का, जहां नारी सशक्तीकरण की सिर्फ बातें नहीं, गांव-गांव साकार हो रहा है। एकमा गांव के निवासी राजकुमार सिंह की आजीविका का साधन आटा चक्की है। उनकी बहुत ही सामान्य आर्थिक स्थिति थी और घर में 7 बेटियों के बाद एक बेटा हुआ।

घर-परिवार का भी दबाव कि जल्दी से लड़कियों की साड़ी कर दो, एक को नहीं सात-सात को निभाना है, पर न बेटियां झुकीं और न ही पिता। सब बेटियों ने एक-एक कर वर्दी पहनी और राज्य पुलिस बल एवं अद्र्ध सैन्य बल में समाज और देश की सेवा कर रही हैं। एक अति सामान्य परिवार की लड़कियों ने स्वयं की जिद को साबित कर दिखाया।

बड़ी बहन रानी और उनसे छोटी रेणु दोनो ने वर्दी पहनने को लेकर गांव में ही दौड़ लगानी शुरू की। रोज-रोज के मिलने वाले ताने को नजरअंदाज कर आगे बढ़ती गईं। वर्ष 2006 में रेणु का सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कांस्टेबल के पद पर चयन हो गया। उसके बाद अन्य छह बहनों का हौसला बढ़ा। इधर, बड़ी बहन रानी शादी के बाद 2009 में बिहार पुलिस में कांस्टेबल पद पर चुन ली गईं। इसके बाद अन्य 5 बहनें भी विभिन्न बल में नियुक्त हो गईं। बहनें ही एक-दूसरे की शिक्षक और गाइड बनीं। गांव के ही स्कूल में पढ़ीं। स्वाध्याय एवं अभ्यास के बल पर नौकरियां हासिल कीं। आज सातों बेटियां मैट्रिक पास पिता राजकुमार सिंह उर्फ कमल सिंह और आठवीं पास मां शारदा देवी का अभिमान हैं।

इन बहनों से प्रेरणा एवं टिप्स लेकर प्रखंड के हंसराजपुर, एकमा, भरहोपुर, साधपुर राजापुर की दर्जनों लड़कियां पुलिस सेवा में भर्ती हो चुकी हैैं। कुमारी रानी सिंह बताती हैं कि मैट्रिक की परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर लगी महिला दारोगा को देखकर पुलिस सेवा में जाने का फैसला किया। और यही हम 7 बहनों का टर्निंग प्वाइंट बना। वे इस समय बिहार स्पेशल आम्र्ड पुलिस, रोहतास में कार्यरत हैं। कुमारी पिंकी सिंह भी वहीं हैं। कुमारी रानी सिंह बीएमपी रोहतास, कुमारी रेणु सिंह SSB गोरखपुर, कुमारी सोनी सिंह CRPF दिल्ली, कुमारी प्रीति सिंह क्राइम ब्रांच जहानाबाद, कुमारी रिंकी सिंह एक्साइज पुलिस सिवान और कुमारी नन्ही सिंह जीआरपी पटना में तैनात हैं। रानी, रेणु और कुमारी सोनी की शादी हो चुकी है।

Trending