BIHAR
बिहार में भी दिखेगा ‘असानी’ चक्रवात का असर, राजधानी पटना समेत राज्य के इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘असानी’ का असर बिहार राज्य में भी दिखेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज सोमवार की सुबह पटना, वैशाली, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, शिवहर, मधुबनी, पूर्वी चंपारण और सुपौल में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात भी होने की संभावना है। वहीं आज भी गया, बेगूसराय, अरवल,मधेपुरा, जहानाबाद और नालंदा के कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
जबकि प्रदेश के बाकी अन्य जिलों में मौसम साफ बना रहेगा जबकि तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा। वहीं बीते रविवार को सबसे अधिकतम तापमान डेहरी का 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बिहार के सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा।

फिलहाल बिहार के पूर्वी एवं दक्षिणी पूर्वी हवा का प्रभाव सतह से 1.5 किमी ऊपर बना हुआ है। इसकी रफ्तार 10-12 किमी प्रतिघंटा है। जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में प्रदेश के उत्तरी भाग में बारिश संभावना हैं। वहीं अगले 2-3 दिनों तक दिन के तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
बता दूं कि बिहार में इस ‘असानी’ चक्रवात का असर 11-12 मई को दिख सकता है। इसके कारण 11-12 मई को राजधानी पटना और गया में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। पिछले कई दिनों से राज्य में बारिश के साथ मौसम में बदलाव भी दिख रहा है। आपको बता दूं कि बीते 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। इसमे नालंदा के हरनौत, मुंगेर के तारापुर, बरौनी, बेगूसराय के मटिहानी, जमुई, बांका के बेलहर तथा बांका के ही अमरपुर में, लखीसराय के हलसी में बारिश हुई। बेगूसराय के साहेबपुर कमाल, बरहिया, लखीसराय के सूर्यगढ़ा में भी वर्षा हुई है।
